केंद्रीय कृषि अवसंरचना कोष से राज्य के 307 किसान लाभान्वित, 680 अन्य मामलों में सहमति

देहरादून 20 दिसंबर। केंद्रीय कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत राज्य में अब तक 307 किसान लाभान्वित हुए है और 680 अन्य मामलों को सहमति प्रदान की गई है।

प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने अतारांकित प्रश्न सं. 2262 के तहत कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत चयनित किसानों और उसमें उत्तराखंड की उपलब्धता को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मांगी गई हैं। जिसका उत्तर देते हुए, कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर
ने बताया कि कृषि अवसंरचना कोष योजना सभी किसानों और साथ ही किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पीएसीएस), मार्केटिंग/बहुउ‌द्देशीय सहकारी समितियाँ, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), संयुक्त देयता समूहों (जेएलजी), कृषि उपज बाजार समिति (एपीएमसी), कृषि-उद्यमियों, स्टार्ट-अप और केंद्रीय राज्य एजेंसियों जैसी विभिन्न संस्थाओं के लिए भी उपलब्ध है। जिसमें जुलाई 2020 से शुरू इस स्कीम में अब तक 67,007 व्यक्तिगत किसानों को एआईएफ स्कीम का लाभ प्राप्त हुआ है जिसमें उत्तराखंड के 307 किसान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, कुल 1,39,837 मामलों को भी मंजूरी दी गई है, जिसमें उत्तराखंड के 680 मामले शामिल हैं।

भाजपा शुरू करेगी ‘मेरी गणना, मेरा गांव’ अभियान: भट्ट

देहरादून 20 दिसंबर। भाजपा राज्य के पर्वतीय स्वरूप को बरकरार रखने के लिए शीघ्र मेरी गणना मेरा गांव अभियान शुरू करेगी। जिसमें अन्य प्रदेश ही नहीं विदेश में रहने वाले प्रवासियों से भी गांवों मे गणना सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने हरदा के आरोपों पर भी पलटवार किया कि जनता के मन मस्तिष्क में अंकित कांग्रेस की तुष्टिकरण छवि कभी मिटने वाली नही है। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात को लेकर बताया कि प्रदेश कार्यकर्ताओं की तरफ से बधाई देते हुए, उनसे शीघ्र उत्तराखंड आने का अनुरोध किया गया है।

पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने शीघ्र प्रारंभ होने वाली जनगणना को रेखांकित करते हुए कहा कि पार्टी का मानना है कि राज्य का कोई भी व्यक्ति, चाहे वो किसी भी प्रदेश या विदेश में रहे उसे अपनी गणना मूल क्षेत्र में करवानी चाहिए। क्योंकि विगत जनगणना के बाद हुए परिसीमन में बहुत ही दुखद पहलू पर्वतीय क्षेत्रों में विधानसभा की संख्या में कमी आना सामने आया था। लिहाजा राज्य का पर्वतीय स्वरूप बना रहे, इस मकसद से हमारा मत स्पष्ट है कि सभी अपनी गणना अपने अपने गांवों में सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने मेरी गणना, मेरा गांव की अपील करते हुए कहा कि कोई कहीं भी रहे, विदेश में भी, तो भी अपनी गणना गांव में करवाए। जिसके लिए शीघ्र ही पार्टी भी एक टीम बनाकर, इस अभियान को चलाने जा रही है। वह सभी प्रदेशों और विदेश में रह रहे लोगों से संपर्क कर अनुरोध करेगी कि वोट कहीं भी हो लेकिन अपनी गणना अपने गांव में ही करवाएं। ताकि राज्य का पर्वतीय स्वरूप बना रहे और पहाड़ी क्षेत्र में विधानसभा की संख्या व्यवहारिक और आवश्यकता के अनुरूप रहे।

उन्होंने पूर्व सीएम हरीश रावत द्वारा भाजपा पर की गई टिप्पणी पर पूछे सवाल देते हुए कहा, असली प्रमाणपत्र जनता देती है, जो चुनाव में जिताकर साबित करती है कि वह किसे राम का वंशज मानती है और किसे रावण का। लिहाजा भाजपा को किसी के प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है कि देश की जनता जानती है किसके कामकाज, आचार व्यवहार किसी मेल खाते हैं, कौन पाण्डव है, कौन कौरव या कहां राम रावण। वहीं कांग्रेस द्वारा हिंदू मुस्लिम की राजनीति पर पलटवार करते हुए कहा, हमारी सरकारें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य करती है। ये सब कांग्रेस और विपक्ष का एजेंडा रहता है कि तुष्टिकरण करो और पकड़े जाने पर आरोप लगे तो पलटकर हल्ला मचाना शुरू कर दो। कांग्रेस की ये तस्वीर जनता के मानस पटल पर इस कदर अंकित हो चुकी है कि वह चाहे भी तो पीछा नहीं छुड़ा सकते हैं।

उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष से हुई मुलाकात को लेकर कहा कि प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं की तरफ से उनके द्वारा श्री नितिन नबीन जी को बधाई दी गई। साथ ही शीघ्र उत्तराखंड आकर, कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने का अनुरोध किया गया। उनके चयन पर श्री भट्ट ने कहा कि भाजपा में अन्य पार्टियों की तरह पेट से कोई अध्यक्ष नहीं बनता है। वह कार्यकर्ताओं में से मेहनत और योग्यता के बलबूते चुना जाता है। यह संदेश फिर फलीभूत हुआ है कि कोई भी कार्यकर्ता इस पार्टी का नेतृत्व कर सकता है। युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार हुआ है, जो आने वाले समय में संगठन को नई ऊंचाईयों पर लेकर जायेगा।

उत्तराखंड में 15 नवंबर को की जाएगी मॉक ड्रिल, सीएम के निर्देश पर यूएसडीएमए ने शुरू की तैयारी

राज्य में 15 नवंबर को भूकंप और भूकंप के प्रभाव से उत्पन्न होने वाली अन्य आपदाओं का प्रभावी तरीके से सामना करने के लिए सभी 13 जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मॉक ड्रिल की तैयारी को लेकर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में बुधवार बैठक हुई।

सचिव सुमन ने बताया कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भूकंप पर राज्यस्तरीय मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए थे। इसके मद्देनजर यूएसडीएमए ने मॉक ड्रिल को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। 12 नवंबर को टेबल टॉप एक्सरसाइज और 15 नवंबर को मॉक ड्रिल होगी। टेबल टॉप एक्सरसाइज में सभी जिलों का अपनी तैयारियों के साथ ही संसाधनों की उपलब्धता, उनकी तैनाती, मॉक ड्रिल के लिए अपनी योजना के बारे में बताएंगे। सचिव ने बताया कि राज्य भूकंप के दृष्टिकोण से संवेदनशील है। सभी जिले चार व पांच जोन में आते हैं।

बताया कि आईआईटी रुड़की के साथ मिलकर सायरन तथा सेंसरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। भूदेव एप विकसित किया गया है, जो पांच से अधिक की तीव्रता का भूकंप आने पर मोबाइल फोन में अलर्ट भेज देगा। बैठक में अपर सचिव आनंद स्वरूप के अलावा सभी जिलों के अधिकारी, विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए।
मॉक ड्रिल में परखेंगे तैयारी

अपर सचिव आपदा प्रबंधन आनंद स्वरूप ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य भूकंप से निपटने के लिए जिलों की तैयारियों, विभागों के बीच समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता को परखना व मजबूत करना है। अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी-क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी ने बताया बहुमंजिला इमारतों के ढहने के बाद लोगों का रेस्क्यू करना, पुल व फ्लाईओवर का ढहना, बांध की विफलता से उत्पन्न बाढ़ के उपरांत राहत एवं बचाव कार्य, ग्लेशियर झील का फटना, भूस्खलन आदि पर मॉक अभ्यास होगा। वहीं, लोगों को किस प्रकार रेस्क्यू किया जाएगा, निर्धारित रूट्स, ट्रांसपोर्ट संसाधनों और सुरक्षित ठिकानों को चिह्नित किया जाएगा। अफसरों ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना की जाएगी। वहां बिजली, पानी, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार के साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए रियल टाइम में उन्हें परखा जाएगा।

Rishikesh: भागीरथी धाम के पास गंगा स्नान के दौरान तेज धारा में बहा किशोर, तलाश में जुटी एसडीआरएफ

ऋषिकेश में थाना लक्ष्मझूला अंतर्गत भागीरथी धाम के निकट गंगा में स्नान के दौरान एक किशोर तेज धारा में बह गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना लक्ष्मणझूला पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ ढालवाला की रेस्क्यू टीम ने गंगा में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन किशोर का कहीं कुछ पता नहीं चला।

थाना लक्ष्मणझूला प्रभारी संतोष पैथवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे भागीरथी धाम के निकट गंगा तट पर नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक निवासी आदित्य रतूड़ी (13) पुत्र दिनेश प्रसाद रतूड़ी अन्य साथियों के साथ गंगा नदी में स्नान कर रहा था। नदी की गहराई का अनुमान न लगा पाने के कारण किशोर नदी की तेज धाराओं में ओझल हो गया।

Uttarakhand: आज गढ़वाल मंडल में चक्का जाम, देहरादून और पर्वतीय क्षेत्रों की यूनियनों का भी मिला समर्थन

परिवहन महासंघ के आह्वान पर आज पूरे गढ़वाल मंडल में चक्का जाम किया गया। चक्का जाम के लिए देहरादून और पर्वतीय क्षेत्रों की यूनियनों का भी समर्थन मिला। ट्रांसपोर्टरों ने ऋषिकेश में अलग-अलग स्थानों पर वाहनों का संचालन रोका।

व्यावसायिक वाहनों पर दो साल के टैक्स की छूट देने सहित कई अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे वाहन चालकों ने आज चक्का जाम किया है। सभी जीप और टैक्सियों का संचालन ठप है,  जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्णभूमी टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मदन मोहन नवानी ने बताया की उन्होंने हड़ताल को  सभी चालकों पर छोड़ा है। वहीं जय माँ जिलासू चंडीका टेक्सी यूनियन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कंडारी ने कहा की हड़ताल को उनका पूरा समर्थन है।  

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश स्थित आरटीओ कार्यालय में बनाए गए फिटनेस सेंटर को शीघ्र शुरू किया जाए। चारधाम यात्रा धीमी रहने से चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, इसलिए व्यावसायिक वाहनों पर दो साल के टैक्स की छूट दी जाए और हर साल टैक्स में पाँच प्रतिशत वृद्धि के नियम को समाप्त किया जाए।

नई टिहरी में हड़ताल का व्यापक असर
नई टिहरी में जीप टैक्सी, बसों और ट्रक यूनियन की हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। सुबह से जीप टैक्सी बसों और ट्रैकों का संचालन नहीं हो रहा है। बस अड्डा और जीप टैक्सी पॉइंट पर सन्नाटा पसरा हुआ है। यदि कोई डग्गामार वाहन चल रहा है तो उसे जीप टैक्सी यूनियन से जुड़े लोग रोक दे रहे हैं। अभी लोग घरों से कम संख्या में ही निकले हुए हैं।

भूपाल सिंह नेगी ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों ने जिन मांगों को प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजे थे उन मांगों में किसी भी मांग को नहीं माना गया। इसलिए पूरे गढ़वाल मंडल में एक दिन का चक्का जाम आवश्यक है। गढ़वाल ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश बहुगुणा और बिजेंद्र कंडारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ट्रांसपोर्टरों की अनदेखी कर रही है। सभी यूनियनों की ओर से सहमति के बाद संयोजक संजय शास्त्री ने बुधवार 29 अक्तूबर को एक दिवसीय चक्का जाम की घोषणा की। प्यारेलाल जुगरान, सुनील कुमार, हेमंत डंग, कृष्णा बडोनी, कुलदीप बहुगुणा, शक्ति सेमवाल, अमर सिंह, पुष्पेंद्र रावत आदि उपस्थित रहे

भूपाल सिंह नेगी ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों ने जिन मांगों को प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजे थे उन मांगों में किसी भी मांग को नहीं माना गया। इसलिए पूरे गढ़वाल मंडल में एक दिन का चक्का जाम आवश्यक है। गढ़वाल ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश बहुगुणा और बिजेंद्र कंडारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ट्रांसपोर्टरों की अनदेखी कर रही है। सभी यूनियनों की ओर से सहमति के बाद संयोजक संजय शास्त्री ने बुधवार 29 अक्तूबर को एक दिवसीय चक्का जाम की घोषणा की। प्यारेलाल जुगरान, सुनील कुमार, हेमंत डंग, कृष्णा बडोनी, कुलदीप बहुगुणा, शक्ति सेमवाल, अमर सिंह, पुष्पेंद्र रावत आदि उपस्थित रहे।

Dehardun Accident: दर्दनाक हादसा…तेज रफ्तार कार ने 19 साल की लड़की को मारी टक्कर, जिंदगी और मौत से जूझ रही

सरोवर होटल के पास 23 अक्तूबर को हुए एक दर्दनाक हादसे ने आशा सिंह और उनके तीन बच्चों के छोटे से संसार को तहस-नहस कर दिया। हादसे में उनकी 19 साल की बेटी प्रज्ञा सिंह गंभीर रूप से घायल है, जो अभी तक कोमा में है। उसकी जिंदगी की आस में मां आईसीयू के बाहर बैठी हैं।

देहरादून कि उत्तरांचल यूनिवर्सिटी से एलएलबी की पढ़ाई कर रही प्रज्ञा घटना वाली शाम दिल्ली से लौट रही थी जो सरोवर होटल के सामने हादसे का शिकार हुई। पटेलनगर थानाध्यक्ष चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि यह हिट एंड रन का केस है। हादसा शाम चार से 4:20 बजे के बीच हुआ।

प्रज्ञा बस से उतरकर पैदल जा रही थी, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसे पीछे से टक्कर मारी। चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। दूसरी ओर मां आशा सिंह ने बताया कि उनके पति नहीं हैं। वह अकेले तीन बच्चों की जिम्मेदारी उठा रही हैं।

हादसे ने परिवार को बुरी तरह तोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि प्रज्ञा का 13 साल का सबसे छोटा भाई सदमे में है। घर में अकेला है, जबकि वह अपना सारा समय बेटी के पास अस्पताल और पुलिस थानों के चक्कर काटने में बिता रही हैं।

Uttarakhand: सीएम धामी ने मिलम में बढ़ाया ITBP जवानों का मनोबल, साथ में किया जलपान; फिर कर दी ये घोषणा

सीएम पुष्कर सिंह धामी पिथौरगाढ़ जिले के मिलम पहुंचे और उन्होंने चीन सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात आईटीबीपी के जवानों का मनोबल बढ़ाया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदि कैलाश, गुंजी, ज्योलिंगकांग क्षेत्रों का दौरा किया। वह पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो जिले की अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुंचे हैं। उनके यहां पहुंचने से सैनिकों का हौसला बढ़ा है और वे सीमा पर दुश्मनों के दांत खट्टे कर रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने आईटीबीपी के जवानों के साथ जलपान भी किया। इसके बाद सीएम जिला मुख्यालय पहुंचे और देवसिंह मैदान में आयोजित सहकारिता मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। जिस तरह प्रधानमंत्री के आने के बाद आदि कैलाश क्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र के विश्व भर में प्रसिद्धि मिली है। इसी तरह मिलम को भी टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाया जाएगा। इससे जिले का पर्यटन कारोबार नई उड़ान भरेगा और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।